देवरी खवासा। कार्तिक मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर चारभुजानाथ मंदिर में मंगलवार को धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना के बाद दानपेटी का उद्घाटन किया गया। दानपेटी ग्राम के वरिष्ठ जनों, ग्राम पटेल, सरपंच प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामवासियों की मौजूदगी में खोली गई।
दानपेटी खोलने के दौरान वर्षभर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दानराशि निकाली गई। साथ ही, जिन ग्रामीणों को पूर्व में मंदिर निधि से आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी, उन्होंने ब्याज सहित राशि मंदिर समिति को लौटाई।
ग्राम समिति द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ दानराशि का हिसाब-किताब किया गया, जिसकी पुष्टि उपस्थित ग्रामवासियों ने की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में चारभुजानाथ भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।