मनासा। बुधवार देर रात करीब सवा आठ बजे कुकड़ेश्वर-आमद रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बृजेश (45 वर्ष), निवासी कुकड़ेश्वर के रूप में हुई है। हादसे में घायल सत्तू बंजारा और महिला सुआबाई, दोनों झिंझरखेड़ा के निवासी बताए गए हैं।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से डायल 112 की सहायता से मृतक और घायलों को मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसका परीक्षण गुरुवार को किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा संभवतः तेज रफ्तार और गलत दिशा में आने के कारण हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था, इसकी भी जांच की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें और हेलमेट सहित सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अवश्य करें। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दुखद हादसों को रोका जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
