कुकड़ेश्वर। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं परियोजना अधिकारी पराग जैन के मार्गदर्शन में नगर परिषद कुकड़ेश्वर द्वारा 15 अक्टूबर से 5 नवंबर 2025 तक “स्वच्छता की दीपावली” विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत रात्रिकालीन सफाई कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं। साथ ही नगर को मच्छरों से मुक्त करने के लिए फॉगिंग मशीन के माध्यम से छिड़काव किया जा रहा है। नालियों की सफाई के बाद उनमें मेलाथियान और फिनाइल पाउडर डाला जा रहा है ताकि संक्रमण एवं दुर्गंध से बचाव हो सके।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार ने सुबह 7.30 बजे बस स्टैंड क्षेत्र एवं मुख्य बाजार का निरीक्षण कर दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और कचरा डस्टबिन में डालने की समझाइश दी।
सफाई मित्रों द्वारा सभी वार्डों में सड़कों एवं नालियों की सफाई की जा रही है। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे कुकड़ेश्वर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर बनाने में सहयोग करें।