मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी थाना अंतर्गत ग्राम बोतलगंज में विगत दिनों पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर की गई कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को बोतलगंज के समस्त व्यापारीगण एवं ग्रामीणों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि जिस परिवार पर मादक पदार्थ रखने का आरोप लगाया गया है, वह निर्दाेष है। किसी ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने का षड्यंत्र रचा है।

इस दौरान धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, व्यापारी एवं समाजजन एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उपस्थित लोगों ने कहा कि निर्दाेष परिवार को झूठे मामले में परेशान किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
