नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत नीमच जिले के 1,012 किसानों के खातों में 1 करोड़ 25 लाख की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। यह राशि उन किसानों को दी गई है, जिन्होंने 24 अक्टूबर से 6 नवंबर के बीच योजना में पंजीकरण कराया था।
इस अवसर पर नीमच कृषि मंडी परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां किसानों में विशेष उत्साह और हर्ष देखा गया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, वंदना खंडेलवाल, एडीएम बी.एल. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, मंडी निरीक्षक समीर दास सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान और व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विधायक परिहार और जिला पंचायत अध्यक्ष चौहान ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों की समृद्धि और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के अन्नदाताओं को हर संभव सहयोग और संरक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान देवास से मुख्यमंत्री के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी नीमच मंडी में दिखाया गया।
बताते चलें कि भावांतर योजना के तहत राज्य सरकार ने आज 1 करोड़ 33 लाख किसानों के खातों में कुल 233 करोड़ की राशि अंतरित की। यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिरता और कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।