नीमच। अखिल भारतीय राव भाट समाज, नीमच जिले के जिला अध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनाव रविवार को स्थानीय महिला बस्ती गृह में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए। चुनाव में जिले के 13 गाँवों के 240 पंजीकृत मतदाताओं में से 222 मतदाताओं ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाया। मतदान केवल पुरुष सदस्यों के लिए निर्धारित था, जिसकी पूर्व सूचना समाज को दे दी गई थी।
चुनाव में रमेश बामनिया (नीमच) और घागु महाराज (धनेरिया कला) के बीच सीधी टक्कर रही। मतगणना के पश्चात घोषित परिणाम के अनुसार रमेश बामनिया ने 80 मतों के अंतर से विजय प्राप्त कर जिला अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होते ही समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का फूलमालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया।
विजय के बाद रमेश बामनिया ने कहा कि यह जीत समाज के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकताएँ- समाज में व्याप्त कुरीतियों का उन्मूलन, बच्चों एवं युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा की व्यवस्था, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक, युवाओं को रोजगार उन्मुख गतिविधियों से जोड़ने हेतु योजनाओं का क्रियान्वयन रहेंगी।
उन्होंने कहा कि समाज के धार्मिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए भादवा माता क्षेत्र में राव भाट समाज की धर्मशाला का निर्माण उनकी प्रमुख योजनाओं में शामिल है, जिससे समाजजनों को सुविधाएँ मिल सकें।
पदभार ग्रहण करते ही रमेश बामनिया ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में 12 गाँवों में नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव, महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी की नियुक्तियाँ भी कीं। साथ ही उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी घागु महाराज को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए समाजिक एकता का संदेश दिया। समाजजनों ने इस निर्णय की सराहना की।