नीमच। बगीचा नंबर 13 स्थित एडवांस एकेडमी स्कूल में बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों ने बच्चों से लेकर अभिभावकों तक सभी का मन मोह लिया। स्कूल प्रबंधन की अनोखी पहल के साथ बच्चों ने उत्साहपूर्वक मस्ती की, व्यंजनों का आनंद लिया और छोटे-छोटे व्यवसायिक कौशल भी सीखे।
मेले का भव्य आयोजन-
14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर स्कूल परिसर में भव्य मेला आयोजित किया गया। प्रथम और द्वितीय ब्रांच के विद्यार्थियों को विभिन्न व्यंजनों की स्टॉल लगाने हेतु प्रेरित किया गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा परिसर में झूले, चकरी, मिकी माउस जैसे मनोरंजक संसाधन भी उपलब्ध कराए गए, जिनका बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया।
मेले में बच्चों द्वारा सजाई गई खाद्य स्टॉलें आकर्षण का केंद्र रहीं-
विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के व्यंजनों जैसे - ब्रेड पिज्जा, वड़ा पाव, चना चाट, पिंगल पापड़, खमण, गोलगप्पे, कपकेक, मोमोज, ड्राय भेल, इडली-सांभर आदि की स्टॉलें लगाईं। छोटे निवेश में बच्चों ने बिक्री कर न केवल आनंद लिया बल्कि व्यवसायिक समझ भी विकसित की।
शुभारंभ और संचालन-
एडवांस एकेडमी स्कूल की प्रथम ब्रांच में आयोजित मेले का शुभारंभ सुबह 9 बजे स्कूल के डायरेक्टर प्रफुल्ल सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूल प्रबंधन की सराहनीय पहल-
बाल दिवस की इस विशेष रूपरेखा को सफल बनाने में डायरेक्टर प्रफुल्ल सिंह कठेरिया, विश्वेंद्र सिंह, प्रिंसिपल नीतू कठेरिया तथा स्कूल के समस्त शिक्षक-स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर मनाया गया इस वर्ष का बाल दिवस एडवांस एकेडमी स्कूल के लिए यादगार बन गया, जिसने बच्चों को सीख, मनोरंजन और आत्मविश्वास- तीनों का सुंदर अवसर प्रदान किया।