शाजापुर। डॉ. अंबेडकर मिशन अकैडमी, मोहन बड़ोदिया में बाल दिवस के उपलक्ष्य में बाल मेले एवं विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में पालकगण भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय बामनिया ने किया। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके समग्र विकास के महत्व को रेखांकित करता है। प्रधानाध्यापक ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
कार्यक्रम के तहत बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा के महत्व और बच्चों के अधिकारों पर आधारित एक विशेष नाटक ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय स्टाफ ने बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। पालकों ने भी बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए स्कूल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन ने बच्चों में उत्साह, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।