मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम मालाखेड़ा में खेत पर मोटर चलाते समय करंट लगने से 51 वर्षीय किसान जगदीश पिता उदा सुरावत की मौत हो गई। रविवार दोपहर जिला अस्पताल नीमच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात किसान जगदीश अपने खेत पर मोटर चलाने गए थे। रात करीब 2 बजे नीलगाय से फसल बचाने के लिए लगाए गए कांटेदार तार के पास अचानक बिजली का तार गिर गया। इससे पानी में करंट फैल गया और किसान इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि मृतक किसान के दोनों बेटे कंबल बेचने के लिए विदेश गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलने पर उन्हें भी वापस बुला लिया गया। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।