उदयपुर के एक भक्त ने भगवान सांवलिया सेठ को चांदी का भवन भेंट किया। चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर में लगभग 500 ग्राम चांदी से निर्मित सुंदर भवन समर्पित किया। यह भेंट भक्त द्वारा सालों पहले मांगी गई मन्नत पूरी होने के उपलक्ष्य में की गई है।
भक्त ने बताया- प्रभु श्री सांवलिया सेठ की असीम कृपा और आशीर्वाद से निरंतर सुख, शांति और समृद्धि बनी हुई है। उनके जीवन में सांवलिया सेठ का स्थान सर्वाेपरि है। इस भक्त ने अपना नाम गुप्त रखा।
भक्त ने बताया कि बुधवार शाम उन्हें मनोकामना पूर्ण होने का शुभ अवसर मिला, जिसके बाद वे अपने पूरे परिवार के साथ सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। वहां विधिवत पूजा-अर्चना कर चांदी से निर्मित यह सुंदर भवन प्रभु श्री सांवलिया सेठ को अर्पित किया गया। भवन का निर्माण पारंपरिक शैली में किया गया है, जिसमें कारीगरों ने बारीक नक्काशी और कलात्मक स्पर्श देते हुए इसे विशेष रूप प्रदान किया।
अर्पण केवल एक भेंट नहीं, बल्कि प्रभु के प्रति उनकी भक्ति
भक्त ने बताया कि यह अर्पण केवल एक भेंट नहीं, बल्कि प्रभु के प्रति उनकी भक्ति, विश्वास और जीवनभर की अनुभूतियों का प्रतीक है। इस भक्त ने भविष्य में भी सेवा, दर्शन और धार्मिक गतिविधियों में निरंतर सहभागी रहने का संकल्प व्यक्त किया। सांवलिया सेठ मंदिर परिसर में भी इस अवसर ने एक सकारात्मक और श्रद्धा से भरा वातावरण निर्मित किया, जहाँ भक्तों ने परिवार की इस सेवा भावना की सराहना की।