खरगोन। स्वामी विवेकानंद सभागृह में एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 7 बीएलओ को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वीरेन्द्र कटारे द्वारा पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 185 में एसआईआर कार्य जारी है। इसी क्रम में इन बीएलओ ने अपने क्षेत्र में कार्य को निर्धारित समय से पूर्व 99 प्रतिशत तक पूरा कर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस योगदान को देखते हुए सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एसडीएम वीरेन्द्र कटारे ने कहा कि सम्मानित बीएलओ ने न केवल समय पर कार्य पूरा किया, बल्कि तकनीकी त्रुटियों को भी तुरंत सुधार कर व्यवस्था में सुधार लाया। उन्होंने अन्य बीएलओ को प्रेरणा लेते हुए टीमवर्क के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा-“इन बीएलओ ने लगातार संपर्क में रहकर और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बेहतर परिणाम दिए हैं। यह सम्मान उनके परिश्रम और ईमानदारी का प्रतीक है।” सम्मानित बीएलओ सुरेश बड़ोले ने बताया की एसडीएम साहब, तहसीलदार और मास्टर ट्रेनर का निरंतर सहयोग मिला, जिसने हमें ऊर्जावान बनाता और मार्गदर्शन प्रदान किया। मतदाताओं ने भी पूरा सहयोग दिया, जिससे हमें कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आई।” कार्यक्रम में अन्य बीएलओ ने भी अपने अनुभव साझा किए और भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।