चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में चढ़ावे की गिनती का कार्य लगातार जारी है। शुक्रवार को हुए दूसरे राउंड की काउंटिंग में 8 करोड़ 54 लाख रुपए प्राप्त हुए। इसके साथ ही अब तक कुल 20 करोड़ 89 लाख रुपए की गिनती पूरी की जा चुकी है। मंदिर का भंडार 19 नवंबर को खोला गया था। पहले ही दिन भारी मात्रा में चढ़ावा निकला था। पहले राउंड में कुल 12 करोड़ 35 लाख रुपए गिने गए थे।

अमावस्या पर रुका था गिनती कार्य-
मंदिर मंडल की सीईओ प्रभा गौतम ने बताया कि 20 नवंबर को अमावस्या होने के कारण काउंटिंग का कार्य रोक दिया गया था। शुक्रवार को राजभोग आरती के बाद गिनती पुनः शुरू हुई, जो शाम तक चली। दूसरे राउंड में प्राप्त राशि जोड़ने के बाद कुल गिनती 20 करोड़ 89 लाख रुपए पर पहुंच गई है। यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है, क्योंकि गिनती का कार्य जारी है और सोना-चांदी की गणना होना बाकी है।

पारदर्शी तरीके से जारी है प्रक्रिया-
मंदिर प्रशासन के अनुसार चढ़ावे की गिनती चरणबद्ध तरीके से की जाती है। पहले दान पेटियों से सामग्री को अलग-अलग बोरियों में रखा जाता है, फिर नोटों की गिनती हाथों से और मशीनों की सहायता से की जाती है। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संचालित किया जा रहा है। काउंटिंग स्थल पर पुलिस बल की विशेष तैनाती रहती है। आज शनिवार को गिनती का अगला चरण शुरू हुआ। मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था चढ़ावे की बढ़ती राशि में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
