नीमच। जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के फोफल्या गांव की निवासी संगीता बाई शनिवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी अंकित जायसवाल को एक लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग उनके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना कर रहे हैं, लेकिन कुकड़ेश्वर पुलिस उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़िता ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर एक सामलाती कुआं है, जिससे वह और अन्य किसान सिंचाई करते हैं। हालांकि, गांव के निवासी लीलाराम बलाई, उदयराम, रामनिवास, रुखी बाई और हेमा उनसे रंजिश रखते हैं और आए दिन विवाद करते हैं।
कुछ दिन पहले आरोपियों ने सामलाती कुएं में लगी उनकी मोटर को सीधे विद्युत लाइन से तार जोड़कर जला दिया, जिसके बाद उन्होंने निजी खर्च पर मोटर की मरम्मत करवाई। इसके बाद जब वह दोबारा सीधे लाइन से मोटर चला रही थीं, तो आरोपियों ने उन्हें रोका। मना करने पर गाली-गलौज की और विवाद बढ़ गया।
संगीता बाई के मुताबिक, घटना के दौरान वह कुएं पर अकेली थीं। तभी आरोपियों में शामिल पांच से छह लोगों ने मिलकर उनका हाथ पकड़ा, उन्हें जमीन पर गिराया और मारपीट की। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला ने बताया कि पूरी घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें कुएं पर कहासुनी और उसके बाद मारपीट करते हुए लोग साफ दिखाई दे रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना देने पर कुकड़ेश्वर थाने में न तो लिखित शिकायत दर्ज की गई और न ही आरोपियों पर किसी प्रकार की कार्रवाई हुई। शिकायत पर ध्यान न दिए जाने से परेशान होकर उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है।