प्रतापगढ़। जिले में शुक्रवार देर रात स्वास्थ्य तंत्र की लापरवाही उजागर करती एक गंभीर घटना सामने आई। जिला अस्पताल से निजी अस्पताल में मरीज छोड़कर वापस लौट रही 108 एंबुलेंस धरियावद रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक गंभीर मरीज को जिला अस्पताल से परिजनों की मांग पर धरियावद रोड स्थित निजी अस्पताल भेजा गया। उल्लेखनीय है कि सरकारी आपातकालीन सेवाओं के लिए आरक्षित 108 एंबुलेंस का निजी अस्पताल में मरीज छोड़ने के लिए किया गया उपयोग नियम-विरुद्ध है, जिससे मामले पर संदेह गहरा गया है।
मरीज को निजी अस्पताल छोड़कर लौटते समय एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान वाहन में मौजूद पायलट और EMT बाल-बाल बच गए।
जब जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आलोक यादव से इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा मरीज की स्थिति गंभीर थी, इसलिए उसे यहां से भेजा गया। परिजन उसे कहां ले गए, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। 108 सेवा के इंचार्ज दिलीप कुमार ने भी हादसे की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। इससे सेवा संचालन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
धरियावद रोड पर हुई यह दुर्घटना 108 एंबुलेंस संचालन में बरती जा रही लापरवाही और जिला अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। मामले में जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।