नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के हर्कियाखाल डैम के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिया के समीप दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 14 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टवेरा कार (आरजे 09 यूए 3422) में सवार 11 लोग राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के टांडा क्षेत्र के मानपुरा गांव के निवासी हैं। वे जावद क्षेत्र के तारापुर के पास स्थित बेलाना गांव में कुलदेवी के दर्शन करने आए थे। इसके बाद मां भादवा माता के दर्शन कर वे रात में अपने गांव वापस लौट रहे थे। हर्कियाखाल डैम के पास बने मोड़ पर उनकी कार की सामने से आ रही बिना नंबर की नई टाटा पंच से सीधी टक्कर हो गई।

टाटा पंच कार में राजस्थान के अरनोद पंचायत के अरनोदा गांव के माली समाज के चार लोग सवार थे। वे जीरन क्षेत्र के हर्कियाखाल स्टेशन पर आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। मोड़ पर अचानक आमने-सामने हुई टक्कर से दोनों कारों के सभी यात्री गंभीर रूप से चोटिल हुए।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काळ मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुँची और सभी घायलों को जयराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार किया गया।

गंभीर घायलों में कुशल (उम्र लगभग 12 वर्ष), एक महिला और पंच कार का चालक शामिल हैं। तीनों की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया। शेष घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
