दड़ौली/नीमच। दड़ौली में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान ग्राम आंबा, पंचायत दड़ौली निवासी कारूलाल पिता नंदलाल भील (उम्र लगभग 42 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा निर्माणाधीन नीमच-सिंगोली मार्ग पर हुआ, जिसे सांवरिया कंस्ट्रक्शन, उदयपुर द्वारा बनाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया।

घटना से अधिक समय तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची-
हादसे के बाद ग्रामीणों ने नीमच-सिंगोली मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। बताया गया कि घटना को एक घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। डीकेन चौकी से दो पुलिसकर्मी पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और बहस के बाद वे भी वापस चले गए।

आक्रोशित आदिवासी हुए उग्र-
पुलिस देरी और निरंकुश डंपरों की आवाजाही से नाराज आदिवासी समुदाय के लोग उत्तेजित हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी के दो डंपरों के कांच तोड़ दिए। मौके पर तनाव बना हुआ है और ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
