मनासा। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत फुलपुरा के धाऊखेड़ी गांव में सोमवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक रहवासी इलाके में पहुंच गया। घटना करीब शाम 7 बजे की है, जब नदी-तालाब की दिशा से आया मगरमच्छ मुख्य गली में घुस गया, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद रस्सों की मदद से मगरमच्छ को पकड़कर बांध दिया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार सूचना देने के बाद भी वन विभाग की रेस्क्यू टीम को पहुँचने में करीब डेढ़ घंटा लग गया, जिसके चलते लोगों में नाराजगी भी देखी गई।

मौके पर सत्यनारायण भारत, पशु चिकित्सक डॉ. सुनील गुर्जर, एमपीईबी कर्मचारी हरीश, गोपाल, राजू सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। जानकारी अम्बालाल गुर्जर द्वारा दी गई।

वन विभाग की टीम पहुंचने के बाद मगरमच्छ को पिंजरे में बंद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण वन विभाग से रेस्क्यू व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
