प्रतापगढ़। धरियावद क्षेत्र में पिछले कई दिनों से खाद संकट गहराता जा रहा है। हालात यह हैं कि किसान सुबह से लेकर घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि कई व्यापारी खाद का स्टॉक रोककर रखे हुए हैं और तय दर से अधिक कीमत वसूलने की कोशिश कर रहे हैं, फिर भी समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
खाद की कमी से नाराज़ सैकड़ों किसान विरोध दर्ज कराने उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तुरंत पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
उपखंड अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि व्यापारियों के गोदामों का निरीक्षण किया जाएगा और स्टॉक की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर खाद उपलब्ध नहीं हुई, तो वे आंदोलन और सड़क जाम करने पर मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।