पिपलिया मंडी। ब्राह्मण समाज के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने वाले आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सकल ब्राह्मण समाज एवं राजपूत करणी सेना, पिपलिया मंडी के प्रतिनिधियों ने थाना पिपलिया मंडी में एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आईएएस संतोष वर्मा द्वारा हाल ही में दिए गए बयान ने न केवल ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाई है, बल्कि सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे पर भी नकारात्मक प्रभाव डाला है। समाजजन ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का उपयोग अत्यंत अनुचित है।
समाजजन ने अपने ज्ञापन में निम्न मुख्य मांगें की हैं-
आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए।
उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर विधि के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाए।
भविष्य में समाज विशेष के खिलाफ भेदभावपूर्ण, अमर्यादित या भड़काऊ बयान देने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समाज के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से अपेक्षा व्यक्त की कि वे न्यायोचित कदम उठाकर समाज की भावनाओं का सम्मान करेंगे। ज्ञापन के साथ उपस्थित समाजजनों के हस्ताक्षर की सूची भी संलग्न की गई।