नीमच। एलआईसी चौराहा स्थित सुजुकी शोरूम के सामने नगर पालिका द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मंगलवार को विवादों में घिर गई। दिव्यांग गुमटी संचालक सोनू बैरागी की गुमटी हटाए जाने के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भड़क गए और बड़ी संख्या में नगर पालिका कार्यालय पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
गुमटी संचालक के भाई कपिल बैरागी ने आरोप लगाया कि नगर पालिका ने न तो कोई नोटिस दिया और न ही पूर्व सूचना। गुमटी को इस तरह हटाया गया कि उसकी पूरी संरचना क्षतिग्रस्त हो गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आसपास की अन्य गुमटियों को छुआ तक नहीं गया और सिर्फ गरीब व दिव्यांग व्यक्ति को निशाना बनाया गया है।
नगर पालिका कार्यालय पर पहुँचे बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों से गर्मागर्म बहस भी हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बिना भेदभाव और नियमानुसार होनी चाहिए।
तनावपूर्ण माहौल के बीच नगर पालिका अधिकारियों ने चर्चा कर कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले मुनादी और पूर्व सूचना अनिवार्य रूप से जारी की जाएगी।