नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा नीमच द्वारा इस सत्र का तीसरा नेत्रदान संपन्न हुआ। स्कीम नंबर 36-ए, सीताराम जाजू नगर निवासी शांतिलाल शर्मा की धर्मपत्नी वंदना शर्मा का 27 नवम्बर 2025 को आकस्मिक निधन हो गया।
दुःख की इस घड़ी में शर्मा परिवार ने धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रात्रि 12 बजे नेत्रदान का निर्णय लिया। यह निर्णय सुभाष शाखा अध्यक्ष ललित कुमार राठी की प्रेरणा तथा फतेहलाल नागदा, प्रदीप पौराणिक, अशोक चौहान, सचिन, पंकज श्रीवास्तव और पत्रकार साथियों के सहयोग से लिया गया।
दो लोगों को मिलेगी नेत्र ज्योति-
नेत्र उत्सर्जन का कार्य गोमाबाई नेत्रालय के डॉक्टर आदित्य नारायण एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। नेत्र गोमाबाई नेत्रालय को सुपुर्द कर दिए गए हैं, जिनसे दो लोगों को नेत्र ज्योति प्राप्त होगी।
परिषद ने जताया आभार-
सुभाष शाखा अध्यक्ष ललित कुमार राठी ने इस पुण्य कार्य के लिए शर्मा परिवार का आभार व्यक्त किया और ईश्वर से प्रार्थना की कि परिवार को इस दुखद समय में शक्ति व धैर्य प्राप्त हो। उक्त जानकारी परिषद के सचिव मनीष गर्ग द्वारा प्रदान की गई।