नीमच। क्षत्रिय नायक समाज युवा संगठन, मध्य प्रदेश ने समाज में सुधार और फिजूलखर्ची रोकने के उद्देश्य से ऐतिहासिक निर्णय लिया है। समाज के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से तय किया कि शादी, मानता और मौसर जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में कपड़ा प्रथा पूरी तरह बंद रहेगी।
निर्णय के अनुसार अब कपड़ों का लेन-देन केवल ससुराल और नैनीहाल पक्ष तक सीमित रहेगा। समाज के अन्य रिश्तेदार या व्यक्तियों के लिए कपड़े देना या प्राप्त करना पूरी तरह बंद होगा। इसके साथ ही नूतन या व्यवहार जैसे अवसरों पर यदि कोई व्यक्ति 100 रुपये का योगदान देता है, तो भविष्य में उसी स्थान पर 100, 200, 500 या 1000 रुपये का योगदान किया जा सकता है, लेकिन कपड़े देने की प्रथा समाप्त रहेगी।
संगठन ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज का आर्थिक सशक्तिकरण और लंबे समय से चली आ रही कुप्रथाओं का अंत करना है। इससे व्यर्थ खर्चों पर नियंत्रण आएगा, पारिवारिक आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लोगों में समझदारी व जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
समाज के पदाधिकारियों ने सभी से अपील की है कि वे सहयोग और सेवा भावना के साथ इस निर्णय को सफल बनाएं। इस पहल को समाज के लोगों ने सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। वरिष्ठ सदस्यों ने इसे समाज की आर्थिक और सामाजिक संरचना के लिए मिसाल करार दिया।
क्षत्रिय नायक समाज के इस निर्णय से अनुशासन, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना बढ़ेगी और यह अन्य समुदायों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी बनेगा। अब प्रत्येक सदस्य को अपने परिवार और समाज के हित में इस निर्णय का पालन करना होगा, ताकि समाज आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त और प्रगतिशील बन सके।