चित्तौड़गढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रीनाथ आश्रम, ताल (जिला रतलाम) में 28 एवं 29 जुलाई को दो दिवसीय भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। परम पूज्य गुरुदेव श्री सतगुरु देव बालकनाथ जी महाराज एवं परम पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाशनाथ जी महाराज सहित संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में आसपास एवं सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुरु भाई-बहन तथा धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होंगे।
आयोजन के तहत 28 जुलाई की रात्रि में सत्संग, भजन संध्या एवं गुरु महाराज के अभिषेक का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 29 जुलाई को प्रातःकाल गुरु पूजन, आशीर्वचन एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु गुरु कृपा का लाभ प्राप्त करेंगे।
उल्लेखनीय है कि तहसील ताल, जिला रतलाम (मध्य प्रदेश) स्थित श्रीनाथ आश्रम तथा करवाखेड़ी आश्रम में भक्तगण महंत श्री प्रकाशनाथ जी योगी, श्री बालकनाथ जी योगी एवं श्री ज्ञाननाथ जी सहित सहयोगी संतों के दिव्य सान्निध्य में भक्ति, ध्यान एवं सेवा के माध्यम से आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा प्राप्त करते हैं। सभी संत गुरु परंपरा के उज्ज्वल दीपक हैं, जिनके सान्निध्य से आश्रम की आध्यात्मिक चेतना निरंतर आलोकित होती रही है।
श्रीनाथ आश्रम आज ऐसी तपोभूमि के रूप में प्रतिष्ठित है, जहां गुरु गोरखनाथ जी की महान परंपरा केवल शास्त्रों तक सीमित नहीं, बल्कि संतों के आचरण, साधना और आशीर्वाद के माध्यम से सजीव रूप में अनुभव की जाती है। आश्रम में आने वाले श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति, आत्मिक ऊर्जा एवं सेवा भाव का अनुपम अनुभव प्राप्त करते हैं।
आयोजकों ने समस्त गुरु भाई-बहनों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सपरिवार उपस्थित होकर गुरु कृपा एवं महाप्रसादी का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।