नीमच। अच्छी वर्षा, हरियाली और समृद्धि की कामना के साथ रविवार को नीमच की ग्वालटोली में श्री चंद्रवंशी ग्वाला-गवली समाज द्वारा पारंपरिक उज्जैयनी गांव बाहर रोटी का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक किया गया। समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने एकजुट होकर इंद्रदेव की विशेष पूजा-अर्चना कर समय पर अच्छी वर्षा और जनकल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री राधाकृष्ण मंदिर में इंद्रदेव के विधि-विधान से पूजन एवं हवन के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज के सभी परिवार खुले स्थान पर एकत्रित हुए और परंपरा के अनुसार अपने-अपने हाथों से भोजन तैयार किया। भोजन का प्रथम भोग इंद्रदेव को अर्पित कर प्रदेश एवं जिले में भरपूर वर्षा, किसानों की खुशहाली तथा अच्छी फसल की मंगलकामना की गई।
समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि उज्जैयनी की यह परंपरा वर्षों से समाज की आस्था का केंद्र रही है। मान्यता है कि सामूहिक पूजा एवं प्रार्थना से इंद्रदेव प्रसन्न होकर अच्छी वर्षा का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। नवयुवक मंडल अध्यक्ष विजय पडरिया ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक भी है।
समाजजनों ने क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए आयोजन को सफल बनाया।