चित्तौड़गढ़। मेवाड़ की पावन धरा पर स्थित श्री सांवलिया धाम आश्रम, मुंगाणा में आगामी 29 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आश्रम परिसर में विशाल डोम, टेंट, पेयजल, भोजन, वाहन पार्किंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव में देशभर से करीब दो लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कपासन तहसील के समीप उदयपुर मार्ग स्थित मुंगाणा गांव में मेवाड़ महामंडलेश्वर महंत श्री चेतनदासजी महाराज द्वारा स्थापित श्री सांवलिया धाम आश्रम में विगत लगभग 45 वर्षों से उनके गुरुदेव श्री बिहारीदासजी महाराज की पावन स्मृति में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस आयोजन की शुरुआत नृसिंहद्वारा में मात्र एक किलो शक्कर के प्रसाद से हुई थी, जो समय के साथ राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात एवं ओडिशा सहित देश के विभिन्न राज्यों के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। वर्तमान में प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक श्रद्धालु इस महोत्सव में सहभागी होकर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।
महोत्सव के तहत 28 जुलाई को प्रातःकाल चारभुजा नाथ की प्रसादी एवं संतों की विदाई का कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं रात्रि में विभिन्न स्थानों से आए प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 29 जुलाई को प्रातःकाल गुरु पूजन, कंठी वितरण, गुरु गादी दर्शन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से आने वाले श्रद्धालु भाग लेंगे।
गौरतलब है कि गत वर्ष गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों के दौरान ही आयोजन से छह दिन पूर्व मेवाड़ महामंडलेश्वर महंत श्री चेतनदासजी महाराज ब्रह्मलीन होकर साकेत धाम पधार गए थे। उनके ब्रह्मलीन होने के बाद यह प्रथम गुरु पूर्णिमा महोत्सव उनकी पावन स्मृति में उनके उत्तराधिकारी शिष्यों महंत श्री अनुजदासजी महाराज, महंत श्री रामपालदासजी महाराज एवं समस्त शिष्य परिवार के सान्निध्य में भव्य एवं श्रद्धापूर्वक आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव के निमंत्रण पत्र मेवाड़ के अधिकांश गांवों सहित विभिन्न राज्यों तक पहुंच चुके हैं। अब श्रद्धालुओं को 29 जुलाई को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक एवं भव्य आध्यात्मिक आयोजन का बेसब्री से इंतजार है।