भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस पोस्ट में उन्होंने न केवल भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रशंसा की, बल्कि वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
तस्वीर में लालकृष्ण आडवाणी कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके सामने फर्श पर नरेंद्र मोदी बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा—
“मुझे यह चित्र मिला। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार RSS का ज़मीनी स्वयंसेवक व जनसंघ-भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की शक्ति है। जय सिया राम।”
दिग्विजय सिंह के इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस नेता द्वारा भाजपा-RSS की इस तरह की प्रशंसा को लेकर सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। वहीं भाजपा खेमे में भी इस पोस्ट को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।