नीमच। अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 3 लाख 60 हजार रुपए मूल्य की 36 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेथाइल ड्रग) जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश एवं पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सचिन नामक व्यक्ति मनासा नाका एवं कॉलेज क्षेत्र के आसपास रजनीगंधा पाउच में एमडी मिलाकर बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सचिन पिता दिनेशदास बैरागी (24), निवासी इंदिरा नगर नीमच को 36 ग्राम एमडी एवं 10 रजनीगंधा पाउच के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर यश उर्फ रॉकी पिता अनिल शर्मा, निवासी ग्वालटोली नीमच को भी गिरफ्तार किया गया। मामले में मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं एमडी रखने की पॉलीथिन भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों से एमडी की खरीद-फरोख्त को लेकर रिमांड पर पूछताछ जारी है।
जब्त सामग्री-
- 36 ग्राम एमडी (कीमत लगभग 3,60,000)
- 10 रजनीगंधा पाउच
- 1400 नकद
- मोटरसाइकिल एवं पॉलीथिन
फरार आरोपी-
सलमान उर्फ छोटू पिता शाबिर खान, निवासी स्कीम नंबर 08 नीमच (पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार)
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना नीमच सिटी पुलिस टीम, साइबर सेल नीमच एवं जिला विशेष शाखा का सराहनीय योगदान रहा।