प्रतापगढ़। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत थाना हथुनिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागलिया गांव के समीप जंगल क्षेत्र में संचालित एमडी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 28.54 ग्राम अवैध एमडी, एमडी निर्माण में प्रयुक्त उपकरण और एक मोटरसाइकिल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ गजेन्द्रसिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी हथुनिया उदयवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
29 दिसंबर 2025 को थाना हथुनिया पुलिस गश्त के दौरान बागलिया से टकरावद जाने वाले मार्ग पर गांव से करीब दो किलोमीटर आगे जंगल क्षेत्र में पहुंची। पहाड़ी इलाके में पेड़ों के बीच आग जलती दिखाई दी, पुलिस पैदल मौके पर पहुंची और झोपड़ी के बाहर एक युवक चारपाई पर आग तापता मिला। युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पूछताछ में उसने अपना नाम करीम पिता गन्नी अजमेरी (21 वर्ष), निवासी बागलिया, थाना हथुनिया बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 28.54 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ। झोपड़ी के अंदर एमडी बनाने में प्रयुक्त उपकरणों का पूरा सेटअप भी मिला। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह फैक्ट्री हारून पिता मोहम्मद अजमेरी द्वारा स्थापित की गई थी और करीम इसकी निगरानी कर रहा था। मौके से मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने करीम अजमेरी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जबकि मुख्य आरोपी हारून अजमेरी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार हारून अजमेरी पूर्व में भी कई बार एमडी बनाकर सप्लाई कर चुका है और उसके खिलाफ पहले से चार प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह के अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।