मंदसौर। जिले में चाइनीज नायलॉन डोर से हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मल्हारगढ़ में एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में शनिवार को पतंग व्यवसाय से जुड़ी दुकानों की जांच की गई।
नायब तहसीलदार सुनील अग्रवाल के साथ हल्का गिरदावर धन्नालाल एवं कस्बा पटवारी योगेंद्र राठौड़ सहित अन्य तहसील अधिकारी नगर का भ्रमण करते हुए पतंग विक्रेताओं की दुकानों पर पहुंचे। इस दौरान चाइनीज मांझा एवं नायलॉन डोर की विशेष रूप से जांच की गई।
जांच के दौरान सभी पतंग व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा चाइनीज नायलॉन डोर पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी दुकानदार के पास प्रतिबंधित डोर पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान निहारिका पतंग सेंटर पर नियमों के विरुद्ध पटाखों का एक कार्टून पाया गया। मौके पर ही दुकान संचालक के विरुद्ध पंचनामा बनाकर पटाखों का कार्टून जब्त कर लिया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे चोरी-छिपे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा का विक्रय कर रहे थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पतंगबाजी से जुड़ी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नायब तहसीलदार सुनील अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को चाइनीज मांझा न दिलाएं।
उन्होंने पतंग उड़ाते समय हाईटेंशन लाइनों से दूर रहने, खुले मैदान में पतंग उड़ाने, बिना मुंडेर की छतों पर पतंगबाजी से बचने, हाईवे या सड़कों पर पतंग पकड़ने के लिए न दौड़ने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी।