नीमच। श्रावण मास के पावन अवसर पर नीमच सिटी का चौधरी मोहल्ला इन दिनों शिव भक्ति में सराबोर है। श्री सत्यनारायण मंदिर में समस्त सनातन धर्मप्रेमी समाज एवं महिला मंडल नीमच सिटी के तत्वावधान में सात दिवसीय संगीतमय काशी विश्वनाथ शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित राजेंद्र जी पुरोहित द्वारा किया जा रहा है।
कथा के अंतर्गत शुक्रवार को भगवान शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राम चौक स्थित चारभुजा मंदिर से भगवान शिव की आकर्षक बारात निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंची। बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंचने के बाद शिव-पार्वती विवाह की धार्मिक रस्में विधि-विधान एवं उत्साह के साथ संपन्न हुईं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता पार्वती के जयकारों के साथ भक्ति का आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा श्रावण मास में शिव भक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।
सात दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा 4 से 10 अगस्त तक प्रतिदिन रात्रि 8.30 बजे से 11 बजे तक श्री सत्यनारायण मंदिर, चौधरी मोहल्ला में आयोजित हो रही है। कथा के दौरान धार्मिक प्रसंगों के साथ आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।