नीमच। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को जिला नीमच एवं मंदसौर के मोगिया (गोंड) आदिवासी समाज के संयुक्त तत्वावधान में भव्य महारैली एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समाज के प्रदेशाध्यक्ष घीसालाल भाटी ने बताया कि यह आयोजन समाज में शिक्षा, संगठन, सामाजिक एकता और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
महारैली दोपहर 12 बजे अंबेडकर सर्कल (शोरूम चौराहा) से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, कमल चौक, विजय टॉकीज चौराहा, सीआरपी रोड, लायंस पार्क और रतन स्वीट्स सर्कल होते हुए गांधी वाटिका स्थित वात्सल्य भवन पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
रैली के बाद आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों, वरिष्ठजनों तथा समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, युवाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान एवं समाजहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श भी होगा।
प्रदेशाध्यक्ष घीसालाल भाटी ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस समाज की संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और अधिकारों को सशक्त बनाने का अवसर है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और सामाजिक नेतृत्व के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा समाज के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नीमच एवं मंदसौर जिले के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रकार का प्रतिभा सम्मान समारोह पहली बार आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर के समाजजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रहेगी।
प्रदेशाध्यक्ष श्री भाटी ने समाज के सभी वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवा साथियों, छात्र-छात्राओं एवं समाजजनों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।