कुकड़ेश्वर। नगर में प्रतिवर्ष निकलने वाली भगवान श्री सहस्त्रमुखेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी की तैयारियों का शुभारंभ गुरुवार को हनुमंतिया रोड स्थित बड़े गणेशजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
श्रावण उत्सव मंडल कुकड़ेश्वर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री गणेश का पूजन कर शाही सवारी के सफल एवं मंगलमय आयोजन की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा में भाग लिया तथा भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी पूरे धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण में निकाली जाएगी। सवारी में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।