चित्तौड़गढ़। जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एवं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तहत जिला, नगर निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर राष्ट्रभक्ति और जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने बताया कि अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को तिरंगा प्रभात फेरी से होगी, जिसमें छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी एवं आम नागरिक भाग लेंगे।
10 अगस्त को ई-बाइक, साइकिल और ट्रैक्टरों की भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। 11 अगस्त को जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित होगी, जबकि 12 अगस्त को जिला कलक्ट्रेट, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, बस स्टैंड, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास स्थापित किए जाएंगे।
13 से 17 अगस्त तक प्रमुख बाजारों, सरकारी कार्यालयों, स्मारकों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा की जाएगी तथा देशभक्ति गीतों का प्रसारण होगा। इसी अवधि में सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत 13 अगस्त को स्मृति प्रदर्शनी तथा 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही तिरंगा आधारित रंगोली, भित्ति चित्र, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंगों एवं वंदे मातरम् के अंशों का चित्रण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी जाएगी तथा शाम को देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर जिलेभर में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। सभी शहरी निकायों एवं ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर नागरिकों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई जाएगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि अभियान की सभी गतिविधियों का फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित अपलोड सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा 1 अगस्त से 15 सितंबर तक विद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में विभाजन विभीषिका विषय पर व्याख्यान, परिचर्चा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।