चित्तौड़गढ़। उपनगरीय क्षेत्र मधुवन विस्तार स्थित शंकरपुरम के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के अवसर पर प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में भगवान शिव का रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार एवं भव्य आरती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। वहीं शंकरपुरम, शिवविहार, शिवपुरम सहित आसपास की कॉलोनियों की महिलाएं प्रतिदिन भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रही हैं।
मंदिर में प्रतिदिन प्रातः 4 बजे पंडित हर्षल व्यास के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री सिद्धेश्वर महादेव का सामूहिक रुद्राभिषेक कराया जा रहा है। इस दौरान प्रितम सेन, नारायण सुथार एवं कॉलोनीवासी श्रद्धालु सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं। साथ ही माता पार्वती, भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय का भी विधि-विधान से श्रृंगार किया जाता है।
रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान शिव का विशेष श्रृंगार कर भव्य आरती की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रह्ममुहूर्त में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालु भगवान शिव को बिल्व पत्र, धतूरा, आक के पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और शांति की कामना कर रहे हैं।
मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य महावीर प्रसाद पारीक, रजनीश कुमार शर्मा, लक्ष्मणदास वैष्णव, कैलाश मेनारिया, नारायण सिंह शक्तावत एवं अशोक कुमार कुमावत ने बताया कि सावन माह की शुरुआत से ही प्रतिदिन रुद्राभिषेक एवं आरती में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ रही है। कॉलोनीवासियों की आस्था और सहभागिता से पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में सराबोर हो रहा है।