नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 20 में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड की कई नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है तथा बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
रहवासियों के अनुसार, समस्या को लेकर कई बार पार्षद एवं नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि वार्ड में सफाई कर्मचारियों की कमी स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिसके कारण नियमित सफाई नहीं हो पा रही है।
वार्डवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।