नीमच। सोमवार को कायाकल्प टीम ने जिला चिकित्सालय नीमच के आंतरिक एवं बाह्य परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की सराहना की गई, वहीं गाइडलाइन एवं प्रोटोकॉल के सख्त पालन को लेकर स्टाफ को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
कायाकल्प टीम के सदस्य डॉ. सौरभ मंडवारिया ने बताया कि यह वर्ष का प्रथम निरीक्षण है, जिसके पश्चात अंतिम निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व निरीक्षणों की तुलना में इस बार अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं कर्मचारियों की कार्यशैली में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
निरीक्षण के दौरान मेटरनिटी वार्ड, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, रेडक्रॉस ब्लड बैंक, चिकित्सकों की बैठक व्यवस्था, हाउसकीपिंग तथा हॉस्पिटल मैनेजमेंट सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण रिपोर्ट क्वालिटी सेल, भोपाल को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जिला चिकित्सालय की कायाकल्प रैंकिंग निर्धारित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंदसौर से आए डॉ. सौरभ मंडवारिया एवं डॉ. दिनेश गर्ग के साथ जिला चिकित्सालय नीमच के डॉ. मनीष यादव, डॉ. महेंद्र पाटील, डॉ. निरुपमा झा सहित नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा।