गरोठ। नगर परिषद गरोठ की साधारण सभा की बैठक मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस पार्षदों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने विगत दिनों होटल मुकद्दर का सिकंदर के सामने की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराई। पार्षदों का कहना था कि कार्रवाई पक्षपातपूर्ण रही और समान रूप से अतिक्रमण नहीं हटाए गए।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 2 एवं वार्ड क्रमांक 13 में नलों से गंदा पानी आने की समस्या को लेकर भी परिषद का ध्यान आकर्षित किया गया। कांग्रेस पार्षदों ने इन वार्डों में शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा उनके कुछ वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं, जो कि भेदभावपूर्ण रवैया दर्शाता है। उन्होंने सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाने की मांग की।