मंदसौर। छोटी काशी के नाम से विख्यात सीतामऊ नगर में 29 से 31 जनवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सीतामऊ साहित्य महोत्सव के द्वितीय संस्करण का भव्य शुभारंभ मंगलवार को लदूना तालाब स्थित सेवाकुंज परिसर से विधिवत रूप से किया गया। शुभारंभ अवसर पर एक हजार आकाशदीप आकाश में उड़ाए गए तथा भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा सेवाकुंज परिसर रोशनी से नहा उठा।
इस आगाज कार्यक्रम के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया गया। अपनी समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध सीतामऊ नगर आगामी तीन दिवसीय आयोजन में अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा का भव्य प्रदर्शन करेगा। मुख्य आयोजन 29, 30 और 31 जनवरी को सीतामऊ में आयोजित होगा, जिसमें साहित्य, कला, संस्कृति और दर्शन से जुड़ी देश की प्रतिष्ठित हस्तियां सहभागिता करेंगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन विविध विधाओं से जुड़े ज्ञानवर्धक एवं रुचिकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर अदिति गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, विधायक हरदीप सिंह डंग, एसडीएम शिवानी गर्ग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
सीतामऊ साहित्य महोत्सव के माध्यम से क्षेत्रवासियों को एक बार फिर नगर की ऐतिहासिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक समृद्धता से परिचित कराया जाएगा। आमतौर पर महानगरों तक सीमित रहने वाला यह साहित्यिक आयोजन दूसरी बार सीतामऊ जैसे ऐतिहासिक नगर में आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्र में उपलब्ध हस्तलिखित ग्रंथ, ताम्रपत्र और अन्य बहुमूल्य ऐतिहासिक धरोहरें शोध एवं अध्ययन का महत्वपूर्ण विषय रहेंगी, जिन पर महोत्सव के दौरान विमर्श किया जाएगा। आयोजन को लेकर पूरे नगर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।
आगाज कार्यक्रम के दौरान दोपहर में बच्चों के लिए विशेष बाल मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रचनात्मक और आकर्षक स्टॉल लगाए। पानीपुरी, फ्रूट चाट, मेहंदी पेंटिंग सहित अनेक मनोरंजक स्टॉल बच्चों द्वारा संचालित किए गए। कलेक्टर अदिति गर्ग ने बाल मेले का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित सीतामऊ साहित्य महोत्सव में देश-प्रदेश की अनेक प्रतिष्ठित साहित्यिक हस्तियों ने सहभागिता की थी और इस आयोजन ने जिले सहित प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।