नीमच। जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत जूना खाकर देव महाराज मंदिर की भूमि को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया। मंदिर के पुजारी मोतीलाल पिता देवलाल ने बताया कि वर्ष 1973 से उक्त भूमि मंदिर के अधीन है तथा राजस्व नियमों के अनुसार इसे मंदिर के नाम भू-अभिलेखों में दर्ज किया जाना चाहिए।आवेदन में उल्लेख किया गया कि जिला प्रशासन द्वारा मंदिर की भूमि दो वर्षों के लिए नगर पंचायत कुकड़ेश्वर को दी गई थी, किंतु निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद भूमि अब तक मंदिर को वापस नहीं की गई है। पुजारी ने मांग की कि मंदिर की संपूर्ण भूमि का सीमांकन कर उसे पूर्ण रूप से मंदिर के अधिकार में दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ-हवन आदि सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मंदिर की भूमि का निजी स्वार्थ में उपयोग करते हुए भूखंड काटे जा रहे हैं और रसूखदारों को बेचे जा रहे हैं। पुजारी ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।