मुरैना। शहर के सदर बाजार में एक बार फिर बाजार बंद की स्थिति बन गई। ठेले वालों और दुकानदारों के बीच विवाद के बाद व्यापारी लामबंद हो गए और अपनी दुकानें बंद कर धरना-प्रदर्शन करने लगे।
व्यापारियों का आरोप है कि ठेले वाले अक्सर दुकानदारों से झगड़ा करते हैं, जिससे बाजार की व्यवस्था बिगड़ रही है और ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि कल एक दुकानदार और ठेले वाले के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद आज व्यापारियों ने सामूहिक रूप से विरोध शुरू कर दिया।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर शहर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया और निगम कमिश्नर सत्येंद्र ठाकरे पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया।
व्यापारियों की स्पष्ट शर्त है कि जब तक ठेले वालों को बाजार क्षेत्र से नहीं हटाया जाएगा, तब तक धरना-प्रदर्शन समाप्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यापारियों से बातचीत कर समाधान निकालने में जुटे हुए हैं।