नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा शुक्रवार शाम जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मनासा से उपचार हेतु आए रोगियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर चंद्रा ने पेडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार संबंधी स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि GBS की रोकथाम और प्रभावित मरीजों के समुचित उपचार के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं और प्रशासन हर स्तर पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि विशेषकर बच्चों में यदि कोई असामान्य या परेशानी वाले लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क कर परामर्श लें। भयभीत होने की बजाय सावधानी और समय पर उपचार ही सबसे प्रभावी उपाय है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ एडीएम बी.एल. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, नायब तहसीलदार संजय मालवीय, सीएमओ दुर्गा बामनिया, सीएमएचओ डॉ. खाद्योत, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।