देवास। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पाँच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया की मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने होटल श्री जी गंगानगर में दबिश दी, जहाँ से देवास सहित अन्य जिलो के आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी पहचान के जरिए टेलीग्राम ग्रुप बनाकर लोगों से बड़ी रकम ट्रांसफर कराते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और एक टाटा नेक्सन कार जब्त की है तथा 13 लाख रुपये की ठगी की राशि खातों में फ्रीज कराई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।