खरगोन। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विकासखंड सेगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केली में शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 435 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें 210 पुरुष और 225 महिलाएं शामिल रहीं।
शिविर में 45 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) की गई तथा 12 गर्भवतियों की ई-केवाईसी की गई। वहीं 15 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं 12 बच्चों की ई-केवाईसी भी पूर्ण की गई।
स्वास्थ्य जांच के दौरान 102 लोगों के टीबी जांच हेतु एक्स-रे, 71 सिकल सेल जांच तथा 8 हड्डी रोगियों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा बीपी, शुगर सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी एवं आवश्यक अपडेट किए गए तथा योजना के लाभों की जानकारी दी गई। शिविर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया नियंत्रण और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर भी जागरूक किया गया। शिविर में चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मचारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।