राजगढ़। प्रसिद्ध जैन तीर्थ मोहनखेड़ा धाम में राजेंद्र सूरीश्वरजी की 199वीं जन्म जयंती एवं 119वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरु सप्तमी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देशभर से तीर्थ स्थल पहुंचे।
मोहनखेड़ा तीर्थ के मैनेजिंग ट्रस्टी सेठ सुजानमल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु सप्तमी महोत्सव का आयोजन गच्छाधिपति आचार्य श्री हितेशचंद्र सूरीश्वरजी महाराज साहब की निश्रा में संपन्न हुआ। आयोजन के तहत सुबह से ही गुरु भक्ति, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा।
रात्रि 8 बजे विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ भाग लिया। इस अवसर पर दादा गुरुदेव प्रभु श्री मद विजय राजेंद्र सूरीश्वरजी महाराज साहब की पाठ परंपरा के नवम पठधर एवं वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य श्री हितेशचंद्र सूरीश्वरजी म.सा. ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया और सभी के कल्याण एवं मंगल की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान तीर्थ परिसर भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत रहा।