खरगोन जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. विरेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन में सोमवार को डीआरपी लाइन खरगोन में यातायात सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का आयोजन शहर पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सिंह सहगल तथा शकुंतला रुहल के नेतृत्व में किया गया। इसमें जिले के समस्त थानों से 80 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा लगभग 100 स्कूली एनसीसी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं, उनके कारणों तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रतिदिन आवश्यक कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाएं।
प्रशिक्षण के मुख्य प्रशिक्षक प्रफुल्ल जोशी ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं को वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, यातायात संकेतों का पालन, सड़क नियमों की समझ और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की सीख दी।