शिवपुरी। जिले की नगर पालिका के सफाई कर्मी, ड्राइवर और माली कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो से तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी के साथ नगर पालिका के एकाउंटेंट रवि झा पर जातिसूचक अपशब्दों के प्रयोग का गंभीर आरोप भी लगाया गया है।
हड़ताल के पहले दिन सैकड़ों कर्मचारियों ने हाथों में झाडू लेकर शहर में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कर्मचारी एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पालिका एकाउंटेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
कर्मचारियों का आरोप है कि जब वे वेतन की मांग को लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, तो एकाउंटेंट रवि झा ने उनके साथ जातिसूचक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस घटना से कर्मचारी मानसिक रूप से आहत हैं और इसे अपमानजनक बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।