रतनगढ़। नागरिकों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उपखंड जावद प्रीति संघवी एवं तहसीलदार बी.एल. डाबी ने नगर परिषद रतनगढ़ क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान नीमच रोड स्थित जल शोधन केंद्र (फिल्टर प्लांट) का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी खेमचंद मुसले ने अधिकारियों को नगर में पेयजल आपूर्ति के प्रमुख स्रोतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा जल आपूर्ति प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए पेयजल टंकियों एवं फिल्टर संयंत्र में नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिदिन नगर के हैंडपंप, ट्यूबवेल एवं वार्डों के अंतिम छोर से पानी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच कराई जा रही है। साथ ही फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से भी निरंतर जांच की जा रही है, ताकि नागरिकों को रोगाणुरहित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
नगर परिषद अध्यक्ष सुगनाबाई कचरूलाल गुर्जर के निर्देशन में, कलेक्टर एवं जिला शहरी विकास अभिकरण के निर्देशों का पालन करते हुए जलकल प्रभारी कमल कुमार व्यास द्वारा जल आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जल शोधन मानकों का पूर्ण पालन किया जा रहा है और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक नरेश सागर, कस्बा पटवारी विनय तिवारी, उपयंत्री दीपक मुवेल, पेयजल प्रभारी कमल कुमार व्यास, भरत कुमार भाटी सहित नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।