छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में मृत व्यक्ति को कागज़ों में ज़िंदा दिखाकर शासकीय ज़मीन बेचने का सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। वर्ष 1996 में मृत्यु हो चुके रामसेवक तिवारी के नाम पर वर्ष 2013 में फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर शासकीय भूमि की रजिस्ट्री निजी लोगों के नाम करा दी गई। मामले की शिकायत स्थानीय निवासी ओमप्रकाश पाठक ने की, जिस पर 2024 में एफआईआर दर्ज हुई। आरोप है कि ज़मानत पर बाहर आने के बाद आरोपियों ने दिसंबर 2025 में उसी ज़मीन को दो करोड़ रुपये में एक कंपनी को बेचने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़कर जांच शुरू कर दी है।