नीमच। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान परिसर में उस समय उहापोह की स्थिति बन गई, जब दो महिलाएं न्याय की आस लेकर रोते-बिलखते हुईं और लोट लगाती हुईं पहुंचीं। महिलाओं की यह फरियाद सुनकर कुछ देर के लिए गलियारों में हड़कंप मच गया।

सगराना निवासी गुड्डी बाई पिता उम्मेद सिंह ने तहसीलदार नीमच नगर को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया कि उनकी और उनके परिवार की नामांकित कृषि भूमि पर गांव के ही बापू सिंह ने अवैध कब्जा कर पक्का मकान निर्माण कर लिया है। पीड़िता के अनुसार मौजा सगराना स्थित सर्वे नंबर 789, रकबा 0.80 हेक्टेयर भूमि शासकीय रिकॉर्ड में उनके, उनके भाई-बहनों और भाभी के नाम दर्ज है, फिर भी आरोपी ने जबरन कब्जा कर लिया है।

गुड्डी बाई ने आरोप लगाया कि कब्जा हटाने की बात करने पर आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकी देता है और अपने रसूख का हवाला देकर किसी भी सरकारी कार्रवाई से बेखौफ है। पीड़िता का कहना है कि यही भूमि उनके परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र साधन है और इसके छिन जाने से परिवार भुखमरी की कगार पर आ गया है।

जनसुनवाई में महिलाओं की आंखों से बहते आंसुओं ने उनकी न्याय की गुहार को स्पष्ट कर दिया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन पर जांच कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
