मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में जिले में यातायात सुधार एवं सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण के नेतृत्व में थाना दलौदा पुलिस द्वारा खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
दिनांक 24 जनवरी 2026 को थाना दलौदा क्षेत्र के रहवासी इलाके में कुछ युवाओं द्वारा थार फोर व्हीलर, ट्रैक्टर एवं बुलेट मोटरसाइकिल से जानलेवा स्टंट किए जा रहे थे, जिससे स्वयं उनकी तथा आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दलौदा शुभम व्यास द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टंट कर रहे युवाओं के वाहन जप्त किए गए।
पुलिस ने इस दौरान 02 ट्रैक्टर, 01 थार फोर व्हीलर एवं 03 बुलेट मोटरसाइकिल जप्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की। साथ ही संबंधित युवाओं के परिजनों को थाने तलब कर आवश्यक समझाइश दी गई तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने की सख्त हिदायत दी गई।
मंदसौर पुलिस की जनहित में अपील-
मंदसौर पुलिस जिले के समस्त नागरिकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं एवं अन्य लोगों की जान जोखिम में डालने वाले खतरनाक स्टंट से बचें। साथ ही अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति न दें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।